हरिद्वार, 16 अक्टूबर । हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में लॉकडाउन के दौरान अपनी ही 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने के जघन्य मामले में अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है। अपर जिला जज एवं स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट के न्यायाधीश चंद्रमणि राय ने आरोपित पिता को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष की कठोर कैद और 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
शासकीय अधिवक्ता भूपेंद्र चौहान ने बताया कि घटना 10 सितंबर 2021 की है। कनखल क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी दोपहर करीब ढाई बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। आरोपी पिता ने ही थाने पहुंचकर पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश शुरू की और तीन दिन बाद किशोरी को प्रेमनगर आश्रम के बाहर से बरामद कर लिया।
पूछताछ में पीड़िता ने जो आपबीती सुनाई, उसने पुलिस को भी झकझोर दिया। किशोरी ने बताया कि सितंबर 2021 में पिता उसे बरेली, उत्तर प्रदेश स्थित ननिहाल से हरिद्वार लेकर आया था, जबकि उसकी मां और भाई वहीं रुके हुए थे। आरोप है कि हरिद्वार लाने के दिन से ही पिता ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म शुरू कर दिया। कई दिनों तक यह सिलसिला चलता रहा। पीड़िता ने विरोध किया तो पिता ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर वह घर छोड़कर चली गई थी।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपित पिता के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचक ने साक्ष्य संकलन कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से सात गवाह पेश किए गए, जबकि बचाव पक्ष ने दो गवाह पेश किए। साक्ष्यों और गवाही के आधार पर कोर्ट ने आरोपी को दोषी माना।
कोर्ट ने इस मामले में पीड़िता के पुनर्वास को लेकर भी महत्वपूर्ण आदेश दिया है। विशेष कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा पारित निर्णयों के आधार पर पीड़िता को मानसिक आघात, शैक्षिक नुकसान और शारीरिक क्षतिपूर्ति के रूप में पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने यह भी कहा कि जुर्माना अदा न करने पर दोषी को दो माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।