फतेहाबाद, 18 अक्टूबर । फतेहाबाद में 20 अक्टूबर को सर्व समाज त्योहार हित कमेटी के तत्वावधान में दशहरा पर्व बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस महापर्व को लेकर शहर के हिसार रोड स्थित हुडा सेक्टर, सिटी थाने के पास, दशहरा ग्राउंड में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। ग्राउंड में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिन्हें देखने के लिए स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है। कारीगरों के अनुसार पुतलों के सभी प्रमुख अंगों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है और फिलहाल उन पर रंग-रोगन व सजावट का कार्य तेजी से जारी है।इस बार तैयार किए जा रहे पुतलों का आकार और भव्यता देखते ही बनती है। रावण का पुतला लगभग 60 फीट ऊंचा रहेगा, जिसमें केवल चोटी और मुकुट की लंबाई ही 15 फीट है। रावण के हाथ में 25 फीट लंबी तलवार और 25 फीट लंबी मूंछें इसकी भव्यता में चार चांद लगा रही हैं। इसके अलावा हाथ-पैर 10-10 फीट के बनाए गए हैं। इसके अलावा कुंभकरण का पुतला 50 से 55 फीट और मेघनाद का पुतला 50 फीट ऊंचा रहेगा। मेघनाद के हाथ में 25 फीट लंबी छुरी तैयार की गई है।इन विशाल पुतलों को तैयार करने की जिम्मेदारी शहर के जाने-माने कारीगर रवि आहूजा संभाल रहे हैं। रवि अपनी समर्पित 8 सदस्यीय टीम के साथ पिछले 15 दिनों से दिन-रात पुतले बनाने के काम में जुटे हैं। 36 वर्षीय रवि बताते हैं कि वे बचपन से ही पुतले बनाने के हुनर से जुड़े हैं। उनके पिता स्वर्गीय बंसी लाल आहूजा भी दशहरा पर्व पर पुतले तैयार किया करते थे। रवि ने महज 14 वर्ष की उम्र में पहली बार अपने दम पर पुतले बनाए थे। अपने अब तक के करियर में उन्होंने फतेहाबाद के अलावा टोहाना, रतिया, जाखल, भूना और कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पुतले तैयार किए हैं। जिले में उनके नाम सबसे बड़े पुतले का रिकार्ड 2017 में टोहाना के लिए बनाए गए 65 फीट ऊंचे रावण के रूप में दर्ज है। सबसे खास बात यह है कि रवि यह काम बिना किसी लाभ-हानि के, केवल धर्म और सामाजिक उल्लास के खातिर शौकिया तौर पर करते आ रहे हैं।20 अक्टूबर को होगा अंतिम संयोजन और दहनकार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्टूबर को पुतलों के सभी अंगों को दशहरा ग्राउंड में ले जाकर जोड़ा जाएगा। उसी दिन पुतलों में भूसा और धमाकेदार पटाखे भरे जाएंगे, जिसके बाद शाम को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह भव्य दहन संपन्न होगा। सर्व समाज त्योहार सेवा ट्रस्ट की ओर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद मिनी बाईपास, सेक्टर-10 में दशहरा पर्व का आयोजन होगा। कार्यक्रम में फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। शोभायात्रा की मुख्य अतिथि नगर परिषद फतेहाबाद की वाइस चेयरमैन सविता टूटेजा होंगी, जबकि शोभायात्रा की अध्यक्षता पूर्व पार्षद अनीता कुक्कड़ करेंगी। दशहरा पर्व के कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद के चेयरमैन राजेंद्र खिची करेंगे।