महिला अपराधों पर कांग्रेस के बयानों को महेंद्र भट्ट ने बताया पाखंड

देहरादून, 30 अक्टूबर । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर कांग्रेस के बयानों को पाखंड करार देते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ अन्याय और उत्पीड़न को लेकर कांग्रेस का रिकॉर्ड दागदार रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने महिला अपराधों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और कठोर कार्रवाई की है।

महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस नेताओं के महिला अपराधों पर दिए जा रहे बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य गठन के बाद बनी पहली निर्वाचित सरकार में भी कांग्रेस के कुछ नेताओं और मंत्रियों पर महिला शोषण के गंभीर आरोप लगे थे। इनमें एक मंत्री को आरोपों के बाद मंत्रिमंडल से हटना पड़ा था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बेटियों के साथ अत्याचार के मामलों में मुकदमे दर्ज कराने के लिए भी लोगों को आंदोलन करना पड़ता था। उन्होंने हाल में कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित अभद्रता और धमकी दिए जाने का भी उल्लेख किया।

भट्ट ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के राजनीतिक आरोपों और बयानों को समझती है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश के विकास, सामाजिक कल्याण और महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *