समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता के दलाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

जयपुर, 05 नवंबर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को भीलवाड़ा में कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता के दलाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपित श्रेणीक चौधरी को गर्ग पेट्रोल पंप के पास रेलवे फाटक पर अपनी स्विफ्ट कार में परिवादी से रिश्वत लेते पकड़ा। मामले में कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट (संविदा कर्मी) की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी की फर्म ने रायपुर पंचायत ब्लॉक में सिविल कार्य करवाए थे। इन कार्यों के 8 लाख 82 हजार 647 रुपए के प्रथम रनिंग बिल को पास करने की एवज में समग्र शिक्षा कार्यालय में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता अनिल भट्ट ने अपने दलाल श्रेणीक चौधरी के माध्यम से 50 हजार रुपये रिश्वत और 10 हजार रुपये टेस्टिंग के नाम पर अलग से मांगे थे।

शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान कनिष्ठ अभियंता ने 50 हजार रुपये दलाल को देने के लिए कहा था। इसके बाद अजमेर रेंज के डीआईजी नारायण टोगस के सुपरविजन में एसीबी भीलवाड़ा प्रथम चौकी के उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। टीम ने श्रेणीक चौधरी को परिवादी से 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी के अनुसार बरामद रिश्वत राशि में 10 हजार रुपये असली भारतीय मुद्रा और 40 हजार रुपए डमी करेंसी शामिल है। एसीबी की टीम आरोपित से पूछताछ करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *