गोवर्धन पर बछिया ‘प्रभा’ को मिला कृष्णा लिम्ब, फिर चलने लगी

उदयपुर, 09 नवंबर । गोवर्धन पर्व पर उदयपुर के मावली की दो वर्षीय बछिया ‘प्रभा’ के लिए नई जिंदगी की शुरुआत हुई। दुर्घटना में घायल होने के बाद चलने में असमर्थ हुई प्रभा अब ‘कृष्णा लिम्ब’ के सहारे फिर से चलने लगी है। उसकी देखभाल कर रही संस्था ने जयपुर स्थित कृष्णा लिम्ब केंद्र से संपर्क किया था।

इसके बाद पशु चिकित्सक डॉ. तपेश ने कृत्रिम पैर तैयार कर बछिया को चलने योग्य बनाया।

डॉ. तपेश पिछले 12 वर्षों से देशभर में गरीब और जरूरतमंद पशुपालकों के अपंग पशुओं को निशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने और उन्हें फिर से सक्षम बनाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी यह मुहिम केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि दुर्गम इलाकों में रहने वाले पशुपालकों और किसानों तक भी पहुंच रही है।

कश्मीर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान घायल गायों से लेकर असम के अपंग घोड़े, हिमाचल की दुर्घटनाग्रस्त बकरी और कर्नाटक के गांव में निशक्त हुए नंदी तक कई पशुओं को ‘कृष्णा लिम्ब’ के माध्यम से राहत मिल चुकी है।

डॉ. तपेश ने ‘कृष्णा लिम्ब’ के जरिए पशु अपंगता के क्षेत्र में नवाचार करते हुए देश में सफल प्रयोग किए हैं। जरूरतमंद परिवारों के अपंग पशुओं को प्राथमिकता देना उनकी मुहिम का प्रमुख उद्देश्य है। उनके कार्य को संत ईश्वर सम्मान, मुख्यमंत्री के हाथों राज्य पुरस्कार, उप-प्रधानमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार तथा ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ सम्मान मिल चुके हैं। उनके कार्य पर देश-विदेश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों ने डॉक्यूमेंट्री भी बनाई है।

डॉ. तपेश का कहना है कि अपंग पशुओं के प्रति लोगों में करुणा का भाव पैदा करना और उन्हें असहाय छोड़ने के बजाय उपचार एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता फैलाना उनकी मुहिम का बड़ा लक्ष्य है। ‘कृष्णा लिम्ब’ की सेवा अब क्रोएशिया, नेपाल, श्रीलंका, अमेरिका और लंदन तक भी पहुंच चुकी है। सक्षम लोग सेवा के बदले जो सहयोग करते हैं, उसका उपयोग जरूरतमंद पशुओं को निशुल्क सेवा देने में किया जाता है। सेवा का बड़ा हिस्सा डॉ. तपेश स्वयं वहन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *