एवरेस्ट फतेह करने के लिए आखों में रोशनी जरूरी नहीं : छोनजिन आंगमो

धर्मशाला, 19 नवंबर । दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतेह करने वाली विश्व की पहली और एकमात्र नेत्रहीन महिला छोनजिन आंगमो ने कहा है कि विकलांगता के प्रति समाज की सोच बदलने के लिए उन्होंने पर्वतारोहण को चुना। उन्होंने कहा कि एवरेस्ट फतेह करने के लिए आंखों की रोशनी जरूरी नही है। कुछ करने का जज्बा और लगन किसी भी बाधा को पार कर सकती है। वह यूरोप और अफ्रीका की भी सबसे ऊंची पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी हैं। किन्नौर की रहने वाली आंगमो दिल्ली में यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया में अधिकारी हैं। पिछले वर्ष राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें राष्ट्रपति भवन में हुए भव्य समारोह में राष्ट्रीय पुरास्कर से सम्मानित किया था। वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइकलिंग, तैराकी, मैराथन, मार्शल आर्ट एवं अन्य खेलों में भी पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं।

छोनजिन आंगमो टोंगलेन चैरिटेबल ट्रस्ट के वार्षिक “धन्यवाद दिवस” समारोह में मुख्य अतिथि थीं। ट्रस्ट के संस्थापक निदेशक जामयांग ने उन्हें हिमाचली शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में टोंगलेन स्कूल के में पढ़ने वाले, झुग्गी बस्तियों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

छोनजिन आंगमो ने कहा कि अब उनका सपना दुनिया के चार अन्य सबसे ऊंचे पर्वत शिखरों पर कदम रखकर एक नया विश्व कीर्तिमान बनाना है। अभी तक विश्व की सबसे ऊंची सातों पर्वत चोटियों पर कोई भी दृष्टिबाधित महिला चढ़ाई नहीं कर सकी है। उन्होंने झुग्गी बस्तियों के बच्चों से कहा की सपने देखो और उनमें रंग भरने के लिए पूरी ताकत लगा दो। अगर हिम्मत कर लो तो कोई भी लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

टोंगलेन ट्रस्ट द्वारा समाज के सबसे कमजोर वर्गों के हित में किए जा रहे हैं कार्यों के लिए भिक्षु जामयांग को बधाई दी और प्रेरणा का स्रोत बताया। उमंग फाउंडेशन शिमला के अध्यक्ष प्रो अजय श्रीवास्तव ने कहा कि छोनजिन आंगमो को मुख्य अतिथि बना कर संस्था ने वास्तव में वंचित वर्ग के बच्चों को बहुत बड़ी प्रेरणा दी है।

भिक्षु जामयांग ने पिछले 22 वर्षों के दौरान संस्था के संघर्ष और उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए उनको सम्मानित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *