जींद : हांसी ब्रांच नहर में फेंके जा रहे मृत मुर्गे व पशु, श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत

जींद, 20 नवंबर । जयंती देवी मंदिर के निकट से गुजर रही हांसी ब्रांच नहर में मरे हुए मुर्गे व पशुओं के डाले जाने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। श्रद्धालुओं ने मामला हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा के समक्ष भी उठाया। जिस पर डिप्टी स्पीकर ने कहा कि वो स्वयं जब तक जींद में हैं रात को यहां आएंगे। जब तक हम स्वयं गंदगी को खुले में फैंकने से परहेज नही करेंगे, तब तक ऐसा होगा। हमें स्वयं इस जिम्मेवारी को समझना होगा।

शहर के मध्य स्थित जयंती देवी मंदिर के निकट से गुजर रही हांसी ब्रांच नहर में मृत मुर्गे और पशुओं के अवशेष फेंके जाने का मामला सामने आया है। नहर में इस तरह मृत पशुओं को डालने से आसपास गंदगी फैल रही है। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं। श्रद्धालुओं ने इस गंभीर समस्या को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा के समक्ष उठाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि जयंती देवी मंदिर जींद का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के नजदीक से गुजर रही नहर में मृत मुर्गे और पशु फेंकना न केवल धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है, बल्कि इससे जल प्रदूषण और बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है। इसके बावजूद कुछ लोग रात के अंधेरे में मृत पशुओं को नहर में फेंककर चले जाते हैं। मामले पर शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि कुछ लोग रात के समय इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देते हैं। इसके लिए केवल सरकार को दोष देना उचित नहीं हैए बल्कि आमजन को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

सभी को पता है कि नहर या नदी में मृत पशु डालने से कितना नुकसान होता है। ऐसे मामलों में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी उठानी चाहिए और गलत गतिविधियों को रोकने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *