बिजनौर, 18 जुलाई । उत्तर प्रदेश जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर के शिवाला खुर्द और आसपास के गांवों में कई दिनों से ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बना गुलदार बीती रात आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया।। कुछ दिन पहले ईदगाह परिसर में तेंदुए के घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था और उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की थी। ग्रामीणों की शिकायतों और तेंदुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ईदगाह के पास पिंजरा लगाया था। बीती रात गुलदार पिंजरे में फंस गया। पिंजरे में कैद तेंदुआ लोगों को देखकर गुर्राने लगा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुलदार को अपने कब्जे में लिया। चांदपुर वन रेंजर दुष्यंत सिंह ने बताया कि ईदगाह के पास तेंदुआ दिखाई देने के बाद पिंजरा लगाया गया था, जिसमें बीती रात वह कैद हो गया। पकड़े गए तेंदुए की उम्र करीब साढ़े तीन वर्ष है। वन विभाग की टीम गुलदार का स्वास्थ्य परीक्षण कराएगी। इसके बाद नियमानुसार उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गुलदार के पकड़े जाने से शिवाला खुर्द समेत आसपास के गांवों के लोगों ने राहत महसूस की है। पिछले कई दिनों से ग्रामीण खेतों पर जाने और रात में घरों से बाहर निकलने में डर रहे थे।
————