आईआईटीएफ 2026: भारत मंडपम में 14 नवंबर से सजेगा 45वां व्यापार मेला, गोयल शुक्रवार को करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली, 12 नवंबर । राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14-27 नवंबर तक आयोजित होने वाला 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ-2026) इस बार विकास और विरासत के संगम के रूप में नजर आएगा। ‘विकास और विरासत’ थीम पर आधारित मेले में देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे।

मेले के आयोजक भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) ने गुरुवार को बताया कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) का 45वां संस्करण यहां 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार, 13 नवंबर को व्यापार मेले का उद्घाटन करेंगे। इस समारोह में पद्मश्री से सम्मानित गुरु माधवी मुद्गल और उनका समूह ओडिसी नृत्य प्रस्तुत करेगा।

आईटीपीओ ने बताया कि आईआईटीएफ 2026 का आयोजन ‘विकास और विरासत’ विषय के तहत किया जा रहा है। 14 से 18 नवंबर तक के दिन व्यापारिक आगंतुकों और कारोबार से कारोबार (बी2बी) संपर्क कार्यक्रमों के लिए होंगे। 19 से 27 नवंबर तक व्यापार मेला आम लोगों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रुचि रखने वाले आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

मेले के आयोजक भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन ने बताया कि आम लोगों के लिए सामान्य दिनों (19 से 27 नवंबर) में वयस्कों का टिकट 80 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। वरिष्ठ नागरिकों और पांच साल तक के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इसमें चीन, ईरान, तुर्किये और बांग्लादेश समेत 11 देशों के 3,500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे।

आईटीपीओ के चेयरमैन जावेद अशरफ ने कहा कि पांच साल बाद पहली बार टिकट की कीमत में ‘‘मामूली’’ वृद्धि की गई है। आईटीपीओ के चेयरमैन ने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की संख्या इस बार पिछले संस्करण के 18 लाख आगंतुकों के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि आईटीपीओ ने आगंतुकों को स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए हैं। मेले में 90 दुकानें होंगी, जहां भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों की विविधता उपलब्ध होगी। अशरफ ने बताया कि इस साल मेले में 11 देश हिस्सा ले रहे हैं और पिछले संस्करण की तुलना में उनकी भागीदारी अधिक व्यापक होगी।

आईटीपीओ के मुताबिक इस बार अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के तहत 11 देशों के मंडप होंगे। इनमें थाइलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश के प्रदर्शक शामिल होंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संपर्क और व्यापार संबंधों के अवसर मिलेंगे।

उल्लेखनीय है कि इस साल 45वें आईआईटीएफ-2026 में बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्य हैं, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल को ‘फोकस स्टेट’ बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *