जौनपुर, 30 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अपर सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र प्रताप यादव की अदालत ने शुक्रवार को किशोरी से दुष्कर्म के मामले में दोषी अनमोल तिवारी को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 30 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। अदालत ने जुर्माने की पूरी धनराशि पीड़ित को देने का भी आदेश दिया।
अभियोजन के अनुसार, खुटहन थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी के पिता ने घटना के दूसरे दिन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 26 जून 2020 की रात करीब 8:30 बजे किशोरी घर के बाहर गई थी। इसी दौरान अनमोल तिवारी ने उसका मुंह दबाकर जबरन खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घर पहुंचकर किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पीड़ित बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी और रमेश चंद्र पाल ने गवाहों के बयान दर्ज कराए। दोनों पक्षों की बहस सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने आराेपित अनमोल तिवारी को दुष्कर्म का दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है।