मीरजापुरः मठना सहकारी समिति का खुला ताला, किसानों को मिलेगी राहत

मीरजापुर, 16 नवंबर । उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के जमालपुर क्षेत्र में मठना साधन सहकारी समिति से जुड़े किसानों को अब लेनदेन और खरीद-बिक्री के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। किसानों की मांग पर अधिकारियों ने सोमवार को सील समिति का ताला खुलवाकर उसे दोबारा चालू करने का निर्देश दिया। इससे किसानों में खुशी है।

समिति का ताला तहसीलदार इवेन्द्र कुमार, कानूनगो नागेन्द्र द्विवेदी, एडीओ कोआपरेटिव विजयभान, सहकारी समिति के अध्यक्ष सुदामा सिंह और लेखपाल विजय बुद्धिराज सिंह की मौजूदगी में खोला गया। इस दौरान समिति कार्यालय में रखे सामानों की वीडियोग्राफी कराई गई। परिसर और कार्यालय में मौजूद सामानों की सूची तैयार करने के साथ ही अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया।

दरअसल, समिति पर गेहूं खरीद के दौरान करीब 47 लाख रुपये मूल्य के 1600 क्विंटल गेहूं का हिसाब नहीं मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई की थी। समिति के सचिव को निलंबित कर कार्यालय सील कर दिया गया था। इसके बाद समिति से जुड़े किसानों को लेनदेन और खरीद-बिक्री के लिए जमालपुर सहकारी समिति से संबद्ध कर दिया गया था। दूरी अधिक होने के कारण किसानों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने अधिकारियों से मठना समिति का ताला खोलने की मांग की थी।

गौरतलब है कि मठना समिति पर कुल 8535 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी। इसमें करीब 1600 क्विंटल गेहूं का हिसाब नहीं मिलने पर पीसीएफ के अधिकारियों ने जमालपुर थाने में तहरीर दी थी। समिति का ताला खुलने के बाद किसानों ने कहा कि अब यह देखना है कि गेहूं घोटाले में प्राथमिकी कब दर्ज होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *