लापता बांग्लादेशी नागरिक का मामलाः सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड सरकार से जीरो एफआईआर दर्ज करने को कहा

नई दिल्ली, 20 नवंबर । उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार काे झारखंड सरकार को एक लापता बांग्लादेशी नागरिक के मामले में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज करने का निर्देश दिया है। बांग्लादेश के पंचगढ़ जिले के ‘हिंदू प्रधान पाड़ा निवासी बिपुल चंद्र बर्मन नामक यह व्यक्ति पिछले साल मार्च में मेडिकल वीजा पर भारत आया था और उसे आखिरी बार 2025 में झारखंड के देवघर में देखा गया था।

सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने लापता व्यक्ति की पत्नी की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। याचिकाकर्ता ने अपने पति को खोजने के लिए अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की थी।

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि भारतीय एजेंसियों द्वारा न तो इस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और न ही उसे निर्वासित (डिपोर्ट) किया गया है। कोर्ट ने इस बात पर गौर किया कि लापता व्यक्ति को अंतिम बार झारखंड में देखा गया था। कोर्ट ने राज्य सरकार को तत्काल जीरो एफआईआर दर्ज कर कानून के अनुसार जांच आगे बढ़ाने को कहा।

गौरतलब है कि ‘जीरो एफआईआर’ को अपराध स्थल के क्षेत्राधिकार की परवाह किए बिना किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया जा सकता है। शुरुआती कार्रवाई के बाद इसे संबंधित थाने को स्थानांतरित कर दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *