डीएम नितिका की जनता दरबार में दर्ज हुई 27 जन समस्याएं

नई टिहरी, 23 नवंबर । डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 27 शिकायतें दर्ज हुई। इनमें पुनर्वास, राजस्व, उद्यान, अवैध निर्माण, दाखिल-खारिज, पेंशन, पेयजल, विद्युत, आवास और आर्थिक सहायता से संबंधित शामिल थी। डीएम ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण करते हुए शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

सोमवार को आयोजित जनता मिलन में डीएम ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों और अधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

आगामी निर्वाचन की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं (एएमएफ) समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल एवं विद्युत विभाग को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने, जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिव्यांग मतदाताओं की समय से पहचान कर उनके लिए मतदान के दौरान जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। जनता मिलन में बौराड़ी निवासी तौफीक अहमद ने टीनशेड, निर्मल वर्ग कालोनी में निवासरत बांध प्रभावितों को मालिकाना हक देने की मांग की। डीएम ने डीजीएम पुनर्वास को कार्रवाई के निर्देश दिए।

भेंतुला निवासी सूर्य प्रकाश ने बताया कि वर्ष 2025 में राज-मिस्त्री का सात दिवसीय प्रशिक्षण लेने के बावजूद उन्हें पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत किट नहीं मिलने की। नेल्डा निवासी सुरेंद्र रावत ने पीएम आवास उपलब्ध कराने और रजाखेत-नेल्डा मार्ग से झाड़ियों का कटान कराने की मांग की। डीएम ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। पूर्व में जांच के लिए भेजे गए और दोबारा प्राप्त हो रहे पुराने मामलों को भी प्राथमिकता से निस्तारित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *