धौलाधार की पहाड़ियों में फंसे ऑस्ट्रियाई पैराग्लाइडर का सेना के हेलीकॉप्टर से किया रेस्क्यू

धर्मशाला, 25 अक्टूबर । धौलाधार की पहाड़ियों में करेरी के ऊपर लाम डल, गज पास और भीम गसुतरी के दुर्गम क्षेत्र में फंसे ऑस्ट्रिया निवासी पैराग्लाइडर सेवास्टिम का रविवार को सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। करीब 3723 मीटर की ऊंचाई पर फंसे विदेशी पायलट को बचाव के बाद पठानकोट स्थित सेना के अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया है। बीते दिन शनिवार को बचाव दल पायलट तक पहुंच गया था, लेकिन अंधेरा होने और बीच में गहरी खाई होने के कारण उसे सुरक्षित निकालना संभव नहीं हो पाया था।

पुलिस के अनुसार विदेशी नागरिक सेवास्टिम ने बीते 21 अक्तूबर को बीड़-बिलिंग से अकेले उड़ान भरी थी। इसके बाद वह धौलाधार की पहाड़ियों में दुर्गम क्षेत्र में फंस गया। विदेशी पायलट की ओर से व्हाट्सऐप संदेश के माध्यम से अपने स्थान के जीपीएस निर्देशांक साझा किए गए थे। इसके आधार पर उसकी लोकेशन का पता चला।

इसकी सूचना हिम संसारा बचाव दल के सदस्य सुशील कुमार निवासी नड्डी ने पुलिस को फोन के माध्यम से दी थी। सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। शनिवार को बचाव दल विदेशी पायलट के पास पहुंच गया, लेकिन रात होने और बीच में गहरी खाई होने के कारण उसे सुरक्षित निकालने का अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद रविवार सुबह सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि विदेशी पैराग्लाइडर को रविवार सुबह सेना के हेलीकॉप्टर से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। उसे उपचार के लिए पठानकोट स्थित सेना के अस्पताल पहुंचाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *