98.59 लाख रूपये से संवरेगा पलेठी वनगढ़ का ऐतिहासिक सूर्य मंदिर

नई टिहरी, 18 नवंबर । देवप्रयाग विधानसभा में प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर सूर्य मंदिर पलेठी वनगढ़ के सौंदर्यीकरण की दिशा में सरकार ने पहल की है। करीब एक करोड़ रूपये की लागत से ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के सौंदर्यीकरण के कार्य का विधायक विनोद कंडारी ने शिलान्यास किया।

लंबे समय से सूर्य मंदिर पलेठी वनगढ़ के सौंदर्यीकरण और परिसर के समुचित विकास की स्थानीय लोग मांग कर रहे थे। विधायक कंडारी ने इस सीएम घोषणा में शामिल कराया। जिसके लिए सरकार ने 98.59 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। इस योजना के धरातल पर उतरने से सूर्य मंदिर परिसर का सौंदर्य निखारने के साथ ही क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यह पहल न केवल स्थानीय आस्था और विरासत के संरक्षण में अहम साबित होगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी नई दिशा दे सकती है। विधायक विनोद ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण भी सरकार प्राथमिकता से कर रही है।

उन्होंने कार्यदायी संस्था को समय और गुणवत्ता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, ग्राम प्रधान भगवान रावत, रोशनी चमोली, बीडीसी प्रदीप रौथाण, मंदिर समिति अध्यक्ष रमेश चंद, ग्राम प्रधान प्रकाश रावत, दलवीर सजवाण, मेल सिंह, सरोज थपलियाल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *