यूपी बना फूड प्रोसेसिंग निवेश का केंद्र, दिल्ली रोडशो में उद्योग जगत ने सराहा

नई दिल्ली/लखनऊ, 18 नवंबर । उत्तर प्रदेश तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उद्योग अनुकूल नीतियों, त्वरित निर्णय प्रक्रिया, बेहतर कानून-व्यवस्था और मजबूत बुनियादी ढांचे के दम पर प्रदेश अब खाद्य प्रसंस्करण और एफएमसीजी विनिर्माण क्षेत्र के निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है। इसी दिशा में नई दिल्ली में आयोजित सीआईआई उत्तर प्रदेश रोडशो में प्रदेश ने खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योगों और एफएमसीजी क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाओं को प्रदर्शित किया। रोडशो में देश के प्रमुख उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों ने योगी सरकार के सक्रिय सहयोग, निवेश अनुकूल वातावरण और कारोबार के लिए उपलब्ध अवसरों की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा ने कहा कि प्रदेश अपनी कृषि संपदा के आधार पर खाद्य प्रसंस्करण का मजबूत इकोसिस्टम विकसित कर रहा है। उत्तर प्रदेश में नौ कृषि-जलवायु क्षेत्र, तेजी से बढ़ता बागवानी क्षेत्र, शहद और सब्जियों के उत्पादन में अग्रणी स्थिति, 12 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 4,000 से अधिक पंजीकृत निर्यातकों का नेटवर्क मौजूद है। उन्होंने किसानों के हित में संचालित प्रोत्साहन योजनाओं, 12 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने वाली सिंचाई पहलों, पांच दिनों के भीतर स्वीकृतियों और आकर्षक सब्सिडी का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी सरकार की पहल निवेशकों और उद्यमियों के लिए नए अवसर तैयार कर रही है।

इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद ने खाद्य प्रसंस्करण, एफएमसीजी, पैकेजिंग, कोल्ड चेन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों में प्रदेश की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विशाल उपभोक्ता बाजार, कृषि उत्पादों एवं कच्चे माल की पर्याप्त उपलब्धता और मजबूत कृषि मूल्य श्रृंखला उत्तर प्रदेश को विनिर्माण एवं मूल्य संवर्धन के लिए विशेष रूप से अनुकूल बनाती है। उन्होंने एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि इन्वेस्ट यूपी निवेशकों को परियोजना की अवधारणा से लेकर उसके क्रियान्वयन तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रहा है।

उद्योग जगत ने योगी सरकार के सहयोग को बताया भरोसे की वजह

रोडशो में शामिल उद्योग प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में अपने कारोबारी अनुभव साझा करते हुए राज्य सरकार की नीतियों और निवेश प्रक्रिया की सराहना की। गोल्डी ग्रुप के निदेशक सुदीप गोयनका ने प्रदेश के कारोबारी माहौल और प्रगतिशील नीतियों की सराहना करते हुए बताया कि कंपनी उत्तर प्रदेश के विविध उपभोक्ता वर्ग की जरूरतों के अनुरूप अपने उत्पादों के आकार और कीमतों में बदलाव करती है।

यूनाइटेड ब्रेवरीज के रीजनल पब्लिक पॉलिसी हेड आयुष सिंह ने सरकार के सक्रिय दृष्टिकोण और समयबद्ध स्वीकृतियों को निवेशकों का भरोसा बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ संवाद के बाद उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर कंपनी की शुरुआती झिझक दूर हुई है।

वहीं, वरुण बेवरेजेज के कार्यकारी निदेशक एवं सीओओ कमलेश जैन एल ने प्रदेश के कृषि संसाधनों, कुशल कार्यबल, विशाल उपभोक्ता बाजार और बेहतर कनेक्टिविटी की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *