समरसता संकल्प यात्रा 23 और 24 नवंबर को हिमाचल में करेगी प्रवेश

शिमला, 21 नवंबर । सामाजिक एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश लेकर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा 23 और 24 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के सोलन और सिरमौर जिलों से होकर गुजरेगी। भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एकता के सूत्र में जोड़ना और आपसी सद्भाव को मजबूत करना है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि यात्रा 23 नवंबर को चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद परवाणू और सोलन पहुंचेगी। यहां से यात्रा सिरमौर जिले के नाहन और पांवटा साहिब की ओर रवाना होगी। 24 नवंबर को पांवटा साहिब से यात्रा उत्तराखंड के देहरादून के लिए प्रस्थान करेगी। उन्होंने कहा कि सोलन और सिरमौर में भाजपा कार्यकर्ता यात्रा का स्वागत करेंगे।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और भाईचारे की समृद्ध परंपरा रही है। यात्रा के माध्यम से इन मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। इसमें समानता, पारस्परिक सम्मान और राष्ट्रहित की भावना को प्रमुखता दी गई है।

उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। देश में अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के बावजूद राष्ट्रीय एकता और अखंडता सर्वोपरि है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प का उल्लेख करते हुए सामाजिक समरसता को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों से यात्रा का स्वागत करने तथा इसके संदेश को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *