विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कार निर्माण भी जरूरी : प्रदीप बत्रा

रुड़की, 21 नवंबर । योगी मंगलनाथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और अपनी विधायक निधि से निर्मित विद्यालय के सभागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यालय में स्थापित सोलर पावर प्लांट का भी लोकार्पण किया गया।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने विद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को संस्कारवान बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगन और मेहनत के साथ शिक्षा ग्रहण कर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य आकाश माहेश्वरी ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और वर्षभर आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।

प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. भीष्म कुमार ने विद्यालय को सहयोग देने के लिए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार जताया। उन्होंने पेंशनर्स एवं सीनियर सिटीजन वेलफेयर ट्रस्ट और रोटरी क्लब मिड टाउन के आर्थिक सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।

सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वह समारोह में शामिल नहीं हो सके। उनके प्रतिनिधि पवन सिंह तोमर ने सांसद का ऑडियो संदेश सुनाया। कार्यक्रम का संचालन चंद्र प्रकाश और ललित ने किया। अंत में प्रबंधक रमेश रावल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *