नियमों के उल्लंघन पर रिसॉर्ट सील

नैनीताल, 19 जुलाई । नैनीताल जनपद की कालाढूंगी तहसील प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित रिसॉर्टों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए कोटाबाग क्षेत्र स्थित 19 कमरों के ‘ड्रीम लैंड’ नाम के रिसॉर्ट को सील कर दिया है। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार के निर्देश पर की गई।

प्रशासन का कहना है कि बिना आवश्यक अनुमति और निर्धारित मानकों के किसी भी पर्यटन प्रतिष्ठान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील प्रशासन की टीम ने निरीक्षण के दौरान रिसॉर्ट के संचालन से जुड़े दस्तावेजों और विभिन्न अनुमतियों की जांच की। जांच में आवश्यक स्वीकृतियों और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिसॉर्ट को सील कर दिया गया।

प्रशासन ने बताया कि कोटाबाग तथा आसपास के क्षेत्रों में संचालित अन्य रिसॉर्टों के नक्शों, विभागीय स्वीकृतियों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है। यदि किसी भी संस्थान में अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी सीलिंग सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तहसील प्रशासन का कहना है कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ कानून और शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और बिना अनुमति संचालित रिसॉर्टों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के कई रिसॉर्ट संचालकों ने अपने दस्तावेजों और आवश्यक अनुमतियों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *