सोलन, 31 जुलाई । सोलन नगर निगम को बम्ब से उड़ाने की खालिस्तान द्वारा धमकी भरे ई मेल से शहर में हड़कंप मच गया है । सूचना मिलते ही पुलिस बल बम्ब निरोधक दस्ते के साथ नगर निगम पहुंचा और सभी लोगों को कमरों से बाहर निकालकर जांच शुरू की गई । लेकिन शाम तक भी कोई भी बम्ब नगर निगम परिसर में नहीं मिला है ।
नगर निगम के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि सुबह के समय नगर निगम में एक ई मेल प्राप्त हुआ था, जिसका पता काफी देर से लगा । जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई । मौके पर पुलिस ने पूरी छानबीन कर तसल्ली होने के बाद ही सभी लोगों को अपने कमरों में जाने दिया गया । ई मेल इंग्लिश में पंजाबी भाषा में लिखी गई है । जिसमें साफ तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी की ओर से यह धमकी भेजी गई है । ई मेल में कहा गया है कि 15 अगस्त को सभी स्कूलों में किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाना चाहिए । सभी स्कूलों में यह हिदायत भेजी जाए और बच्चे इस दिन स्कूल में नहीं पहुंचने चाहिए । आगे कहा गया है कि खालिस्तान बच्चों के खिलाफ नहीं है लेकिन बम्ब धमाका स्कूलों में होगा । 15 अगस्त सिखों के आजादी का दिवस नहीं है । हिमाचल प्रदेश खालिस्तान का हिस्सा है । इसलिए 15 अगस्त ना मनाई जाए ।
सोलन पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय ने कहा कि इस ई मेल का कड़ा संज्ञान लिया गया है और इसकी जांच करने में पुलिस जुट गई है । उन्होंने लोगों से इस तरह की ई मेल धमकियों को कोरी अफवाह बताया है और इस पर ध्यान ना देने की बात कही है । उन्होंने कहा कि जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है ।