स्वतंत्र न्यायपालिका लोकतंत्र का आधार, न्यायपालिका पर दबाव बनाने का प्रयास चिंताजनक : विजय बहुगुणा

देहरादून, 12 अक्टूबर । उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व न्यायाधीश विजय बहुगुणा ने स्वतंत्र न्यायपालिका को लोकतंत्र का आधार बताते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से एक विचाराधीन मामले में मुख्य न्यायाधीश से मिलने का प्रयास किए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष जुलूस निकालकर प्रदर्शन करने को भी चिंताजनक बताया है।

सोमवार को जारी बयान में विजय बहुगुणा ने कहा कि संबंधित मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट में विचार चल रहा है। ऐसे में मुख्य न्यायाधीश से मिलने का प्रयास करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के समक्ष जुलूस के साथ जाकर प्रदर्शन करना लोकतंत्र और संविधान के मूलभूत सिद्धांतों एवं परंपराओं की अवहेलना है।

विजय बहुगुणा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावों में हार के कारण विपक्षी दल दिशाहीन राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता इसका जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *