बागपत में दुर्गा पूजा-दशहरा की सुरक्षा कड़ी, 5 जोन और 13 सेक्टर में बंटा जिला

बागपत, 12 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के बागपत में नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए बागपत पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले को पांच जोन, 13 सेक्टर और 54 सब-सेक्टर में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शोभायात्राओं, पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों, मेलों और रावण दहन कार्यक्रमों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसों से बचाव के लिए प्रत्येक घाट पर गोताखोर तैनात किए गए हैं।

एसपी बागपत पूर्णेंदु सिंह के निर्देशन में त्योहारों के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक अपर पुलिस अधीक्षक, पांच सीओ, 19 निरीक्षक, 60 उपनिरीक्षक, 117 मुख्य आरक्षी, 134 आरक्षी, 60 होमगार्ड व पीआरडी जवान और 45 चौकीदारों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा एक क्यूआरटी और डेढ़ प्लाटून पीएसी भी तैनात रहेगी।

पुलिस के अनुसार, जिले में 35 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। 11 दुर्गा पूजा पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित होंगी, जबकि दो वृहद पंडाल बनाए जाएंगे। दस मंदिरों में विशेष कार्यक्रम, 16 स्थानों पर मेले और रामलीला मंचन तथा 14 स्थानों पर रावण दहन होगा। दो स्थानों को हॉटस्पॉट और संवेदनशील श्रेणी में चिह्नित किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने आयोजकों, धर्मगुरुओं, शांति समितियों और संभ्रांत लोगों के साथ 18 बैठकें की हैं। स्वास्थ्य, विद्युत और अन्य विभागों के साथ भी 22 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। अधिकारियों को पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों, जुलूस मार्गों और विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस और पीएसी फ्लैग मार्च करेगी। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, मोबाइल बैरियर, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी। रावण दहन स्थलों पर अग्निशमन इंतजाम और बैरिकेडिंग अनिवार्य की गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम बाजारों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *