हिमाचल में नशा मुक्त भारत के रोडमैप को पूरी गंभीरता के साथ लागू करे सरकार : राजेंद्र राणा

धर्मशाला, 13 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा प्रस्तुत “नशा मुक्त भारत-2029” का रोडमैप केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी को नशे के अभिशाप से बचाने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि पहली बार केंद्र सरकार ने नशे के विरुद्ध पूरे देश के लिए इतनी व्यापक, वैज्ञानिक और बहुआयामी रणनीति तैयार की है, जिसमें ड्रग माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्राथमिकता दी गई है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नशा मुक्त भारत” विज़न को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। सोमवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह अभियान किसी एक राज्य या क्षेत्र के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए तैयार किया है। केंद्र सरकार ने इसके लिए स्पष्ट दिशा और रोडमैप दोनों उपलब्ध करा दिए हैं। केंद्र सरकार ने विभिन्न राज्यों के मुख्य सचिवों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि आतंकवाद के साथ-साथ नशे के विरुद्ध लड़ाई भी राष्ट्रीय सुरक्षा की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है।

राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार को चाहिए कि वह केंद्र सरकार की इस नीति को पूरी गंभीरता के साथ अपनाए और “नशा मुक्त भारत-2029” के रोडमैप को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी उसी मॉडल पर जनजागरूकता, रोकथाम, पुनर्वास और सख्त प्रवर्तन की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, ताकि हिमाचल को नशे की बढ़ती चुनौती से समय रहते बचाया जा सके।

एनसीबी की स्थापना को केंद्रीय गृह मंत्री को सौपेंगे ज्ञापन

राजेंद्र राणा ने कहा कि वे शीघ्र ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें हिमाचल प्रदेश में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की एक विशेष इकाई अथवा क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर तेज़ी से कार्रवाई, बेहतर खुफिया समन्वय और नशा तस्करों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

उन्होंने प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, महिला मंडलों, युवा मंडलों और अभिभावकों से आह्वान किया कि वे राजनीति से ऊपर उठकर “नशा मुक्त हिमाचल एवं भारत ” को जनआंदोलन बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *