कांग्रेस में हेराफेरी के लिए जाने जाते हैं गहलोत — सीएम भजनलाल

उदयपुर, 01 अगस्त । उदयपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गहलोत को कांग्रेस में हेराफेरी के लिए जाना जाता है। उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार हुआ, मंत्री और अधिकारी जेल पहुंचे तथा युवाओं के साथ धोखा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने ढाई वर्ष में 1 लाख 78 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर रोजगार उपलब्ध कराया है।

उदयपुर में शनिवार को 77वें वन महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद को जादूगर कहते हैं, लेकिन कांग्रेस में उन्हें हेराफेरी के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि जब भी राजस्थान में कोई अच्छा विकास कार्य होता है तो गहलोत को अपने कार्यकाल की याद आ जाती है, जबकि उन्हें अपने समय के भ्रष्टाचार को भी याद करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की जनता जानती है कि गहलोत सरकार के दौरान भ्रष्टाचार हुआ और उनके मंत्री तथा अधिकारी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने युवाओं को कितना धोखा दिया। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने ढाई वर्ष में 1 लाख 78 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर रोजगार देने का काम किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार के समय रोडवेज कर्मचारियों को आठ-आठ महीने तक वेतन नहीं मिल पाता था, जबकि वर्तमान सरकार सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध करा रही है।

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार दोपहर उदयपुर पहुंचे। डबोक एयरपोर्ट से वे सीधे पिछोला झील किनारे स्थित कालका माता नर्सरी पहुंचे, जहां उन्होंने 77वें वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान चंदन का पौधा लगाकर चंदन वन स्थापना अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में वन मंत्री, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री, जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण का संदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को वे हेलीकॉप्टर से झाड़ोल तहसील के बीड़ा गांव पहुंचे, जहां ग्राम विकास चौपाल में ग्रामीणों से संवाद के बाद रात्रि विश्राम भी वहीं करेंगे। रविवार को वे नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ से वर्चुअली जुड़ने, भगवान श्री एकलिंगनाथजी के दर्शन करने तथा अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री समिति की बैठक और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बाद जयपुर लौटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *