सांवरिया सेठ के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, समझदारी ने बचाया

राजसमंद, 15 जुलाई । मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थधाम सांवरिया सेठ के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने गौ सेवा के नाम पर ऑनलाइन डोनेशन लेने के बाद कार और बुलेट मोटरसाइकिल जीतने का झांसा देकर हजारों रुपये एडवांस जमा कराने का प्रयास किया। हालांकि पीड़िता की सतर्कता से ठगी की वारदात टल गई।

पीड़िता एवं आशा सहयोगिनी मीना दवे ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक लिंक आया, जिसमें गौ सेवा के लिए 199 रुपये दान करने की अपील की गई थी। धार्मिक भावना से प्रेरित होकर उन्होंने 199 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके कुछ समय बाद फोन कर बताया गया कि लकी ड्रा में उनके नाम कार निकली है, जिसे प्राप्त करने के लिए जीएसटी के नाम पर 35 हजार रुपये जमा कराने होंगे। शक होने पर उनके पति ने भी उसी लिंक पर 199 रुपये भेजे। इसके बाद ठगों ने उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल जीतने का दावा करते हुए 12,500 रुपये जमा कराने के लिए कहा। दोनों पर आधे घंटे के भीतर राशि जमा करने का दबाव भी बनाया गया।

सतर्कता और समझदारी बरतते हुए दंपती ने तुरंत राजसमंद साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आस्था, डोनेशन, लकी ड्रा या इनाम के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लिंक पर विश्वास न करें तथा ऐसी गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *