छठ के पारंपरिक गीतों से गूंज रहे कोटा मंडल के रेलवे स्टेशन

काेटा, 12 नवंबर । छठ पूजा की आस्था और लोक संस्कृति की झलक अब कोटा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर भी देखने को मिल रही है। रेलवे बोर्ड एवं पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार कोटा मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर ध्वनि प्रसारण प्रणाली के माध्यम से छठ के पारंपरिक भजनों एवं लोकगीतों का प्रसारण किया जा रहा है। इससे विशेषकर बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और घर-परिवार से जुड़ाव का अहसास हो रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर सहित मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर नियमित रेल उद्घोषणाओं के बीच निर्धारित अंतराल पर छठ गीत प्रसारित किए जा रहे हैं। यह प्रसारण 15 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।

स्टेशनों पर ‘उगा हे सूरज देव’, ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ और ‘मंगला हम वरदान हे गंगा मइया’ जैसे पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय वातावरण बन रहा है। ये गीत यात्रियों को अपनी आस्था, लोक संस्कृति और पर्व की परंपराओं से जोड़ रहे हैं।

रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सफर के दौरान सुखद एवं आत्मीय वातावरण प्रदान करने के साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *