पानीपत में शादी के सात माह बाद युवती की मौत,पुलिस ने शुरू की जांच

पानीपत, 11 जुलाई । पानीपत में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 21 वर्षीय सहरीन के रूप में हुई है घटनास्थल पर मृतका की सास रेहाना ने पुलिस को बताया कि उसकी बहु सहरीन मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। उसके बेटे साहिल ने करीब सात महीने पहले ही सहरीन से प्रेम विवाह किया था। सास रेहाना का दावा है कि शनिवार शाम को उसका बेटा साहिल और पति जहीर दोनों काम पर गए हुए थे।

वह खुद घर के कामकाज में व्यस्त थी, इसी दौरान बहू सहरीन ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर शव का जांच की, तो कहानी कुछ और ही निकली। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में मृतका सहरीन के गले पर फंदे का किसी भी तरह का कोई निशान या खरोंच नहीं पाई है। इसके उलट, शव के मुंह से झाग निकल रहे थे, जिससे मामला आत्महत्या के बजाय जहर खाने या गला घोंटने जैसे संदिग्ध हालातों की तरफ इशारा कर रहा था।

वारदात की भनक लगते ही जब मृतका का पति साहिल और उसका पिता जहीर (ससुर) काम से भागते हुए घर पहुंचे, तो घर का माहौल और बिगड़ गया। दोनों ने आते ही मृतका की सास को आड़े हाथों ले लिया और उससे बुरी तरह झगड़ने लगे।

थाना किला पुलिस ने फॉरेंसिक और अपराध स्थल की टीम को बुलाकर मौके से सभी जरूरी भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा कर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और शव को पानीपत के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस ने मृतका के कैराना स्थित मायके पक्ष के लोगों को भी सूचित कर दिया है। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *