एमसीडी की 12 वार्ड समितियों के चुनाव संपन्न, भाजपा ने 10 जोन में जीत हासिल की, आआपा को दो जोन में सफलता

नई दिल्ली, 15 जुलाई । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 वार्ड समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्थायी समिति सदस्य पदों के लिए बुधवार को हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बढ़त कायम रखते हुए 12 में से 10 जोन के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं आम आदमी पार्टी (आआपा) को दो जोन में अध्यक्ष पद पर सफलता मिली।

नजफगढ़, शाहदरा दक्षिण, शाहदरा उत्तर, दक्षिण, केशवपुरम, नरेला, सिविल लाइन, सिटी एसपी, सेंट्रल और वेस्ट जोन में भाजपा ने जीत हासिल की। वही रोहिणी, करोल बाग और कुछ उपाध्यक्ष पदों पर आम आदमी पार्टी को सफलता मिली।

चुनाव के परिणामः नजफगढ़ जोन में भाजपा के तीनों उम्मीदवारों ने मारी बाजी। अध्यक्ष जयवीर सिंह राणा, उपाध्यक्ष सुषमा राठी और स्थायी समिति सदस्य शशि यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए।

शाहदरा दक्षिण जोन में भाजपा के यशपाल सिंह 18 मत प्राप्त कर अध्यक्ष चुने गए, जबकि आआपा उम्मीदवार को छह मत मिले। उपाध्यक्ष राजू सचदेवा तथा स्थायी समिति सदस्य मुनेश निर्विरोध निर्वाचित हुए।

शाहदरा उत्तर जोन में भाजपा के पंकज लूथरा अध्यक्ष और बृजेश सिंह उपाध्यक्ष चुने गए दोनों को 20-20 मत मिले, जबकि आआपा प्रत्याशियों को 12-12 मत प्राप्त हुए।

दक्षिण जोन में भाजपा के धर्मवीर सिंह अध्यक्ष और ममता यादव उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। दोनों को 12-12 मत मिले, जबकि आआपा को 10-10 मत प्राप्त हुए।

केशवपुरम जोन में भाजपा के विनीत वोहरा, मीनू गोयल और सुशील अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्थायी समिति सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए।

रोहिणी जोन में आम आदमी पार्टी ने अध्यक्ष पद पर पुष्पा को 12 मत मिले, जबकि भाजपा को 11 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर भी आआपा के रमेश चंद 12 मतों के साथ विजयी रहे।

करोल बाग जोन में आआपा के तीनों उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। अध्यक्ष अलका ढींगरा, उपाध्यक्ष कविता चौहान और स्थायी समिति सदस्य राजन अरोड़ा निर्विरोध निर्वाचित हुए।

नरेला जोन में भाजपा की जनता देवी 13 मतों के साथ अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उपाध्यक्ष दिनेश कुमार तथा स्थायी समिति सदस्य पवन कुमार निर्विरोध चुने गए।

सिविल लाइन जोन में भाजपा के गुलाब सिंह 11 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत सदस्य संजय त्यागी 11 मतों के साथ विजयी रहे। इस चुनाव में एक मत अमान्य घोषित किया गया।

सिटी एसपी जोन में भाजपा की उषा शर्मा सात मतों के साथ अध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर आम आदमी पार्टी की शमीम बानो निर्विरोध चुनी गईं।

सेंट्रल जोन में भाजपा की नीतू अध्यक्ष, प्रवीण कुमार उपाध्यक्ष और हेमचंद गोयल स्थायी समिति सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए।

वेस्ट जोन में भाजपा के हरीश ओबेरॉय 14 मतों के साथ अध्यक्ष चुने गए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर आम आदमी पार्टी की डिंपल आहूजा 13 मत प्राप्त कर विजयी रहीं।

12 वार्ड समितियों में से 8 में भाजपा के पास पहले से बहुमत था, जबकि 4 वार्ड कमेटियों में आआपा के पास ज्यादा पार्षद थे। इसके बावजूद दोनों दलों ने 11-11 वार्ड कमेटियों में अपने उम्मीदवार उतारे। नतीजों में भाजपा ने 10 जोन पर कब्जा कर लिया, जबकि आआपा सिर्फ दो जोन में ही सफलता हासिल कर पाई। केशवपुरम जोन में आम आदमी पार्टी द्वारा उम्मीदवार न उतारने के कारण भाजपा ने यहां निर्विरोध जीत हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *