विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के घर से डेढ़ लाख रुपए और आर्टिफिशियल ज्वेलरी ले गया बदमाश

जयपुर, 29 अक्टूबर । राजधानी के सिविल लाइंस जैसे हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में चोर ने भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के घर को निशाना बनाया। बुधवार देर रात करीब 2:15 बजे बदमाश किचन की खिड़की का लॉक तोड़कर घर में घुसा और करीब एक घंटे तक अंदर रहा। विधायक के निजी सहायक राजवीर सिंह के अनुसार बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपए और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ले गया। वारदात के दौरान घर में 10 से अधिक लोग सो रहे थे।

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में बदमाश कंधे पर बैग टांगे नजर आ रहा है, हालांकि उसका चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा। वह अपने साथ पेचकस लेकर आया था और इसी की मदद से किचन की खिड़की का लॉक तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। सुबह चोरी का पता चलने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को खिड़की टूटी हुई और घर में सामान बिखरा मिला।

विधायक का आवास राजभवन से करीब 300 मीटर और मुख्यमंत्री आवास से लगभग 500 मीटर की दूरी पर है। इस क्षेत्र में चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था रहती है और आने-जाने वाले लोगों व वाहनों पर निगरानी रखी जाती है। इसके बावजूद चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिवार के अनुसार प्रताप सिंह सिंघवी जयपुर स्थित इसी आवास में रहते हैं, लेकिन पंचायत चुनाव के चलते फिलहाल अपने विधानसभा क्षेत्र छबड़ा में हैं। चोरी की जानकारी मिलने पर उन्होंने जयपुर पुलिस आयुक्त से फोन पर बात की। सूचना मिलने के बाद सोडाला थानाधिकारी और डीसीपी दक्षिण मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब एक लाख रुपए और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम लगाई गई है।

प्रताप सिंह सिंघवी भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वे पहली बार 1985 में विधायक चुने गए थे और 2023 के विधानसभा चुनाव में बारां जिले की छबड़ा सीट से सातवीं बार विधायक बने। वे पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *