पानीपत: जहर निगलने से युवक की मौत

पानीपत, 18 जुलाई । पानीपत की नूरवाला कॉलोनी में बीती रात एक 24 वर्षीय युवक की जहर निगलने से मौत हो गई। युवक की पहचान शुभम के रूप में हुई है। परिजनों ने शुभम की मौत को सामान्य मानने से साफ इनकार करते हुए एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शुभम को एक महिला पिछले दो साल से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी, जिसके चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया या उसे जबरन जहर दिया गया।

शुभम की मौत से आक्रोशित परिजनों ने आरोप लगाया है कि शुभम पिछले काफी समय से भारी मानसिक तनाव में था। उसे एक महिला पिछले दो साल से लगातार टॉर्चर कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि उसी महिला ने ही शुभम को कोई जहरीला पदार्थ खिलाया है, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने कहा कि इस मामले गहन जांच होनी चाहिए। शनिवार को पुलिस ने मृतक शुभम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही जहर के प्रकार और मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया कि तफ्तीश में जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उसके अनुसार आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *