आवारा कुत्तों के हमले में सात वर्षीय मासूम घायल

हरिद्वार, 09 जुलाई ।पिरान कलियर नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को बेडपुर में खेल रहे सात वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बच्चे का रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार बेडपुर निवासी आबाद का सात वर्षीय पुत्र नबी घर के पास खेल रहा था। तभी अचानक आवारा कुत्तों का एक झुंड उस पर टूट पड़ा और उसे कई जगह काटकर घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे कुत्तों से छुड़ाया। परिजन घायल बच्चे को तत्काल रुड़की सिविल अस्पताल ले गए,जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।इससे पहले भी वार्ड नंबर चार में स्कूल जा रहे एक बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों को चिन्हित करने का अभियान चलाया जा रहा है।जल्द ही उन्हें पकड़कर बर्थ कंट्रोल सेंटर भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *