सेवा पखवाड़ा शिविर में उमड़ी भीड़, 264 लोगों ने ली सरकारी योजनाओं की जानकारी

हरिद्वार, 09 जुलाई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा, सुशासन एवं समर्पण तथा जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत आज विकासखंड मुख्यालय नारसन में सेवा पखवाड़ा शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी और देशराज कर्णवाल ने संयुक्त रूप से की।

शिविर में 264 क्षेत्रवासियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की, जबकि 20 पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं विभिन्न विभागों से संबंधित 11 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 6 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया तथा शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

राज्य मंत्री कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और सुशासन के माध्यम से पारदर्शिता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनमें समान नागरिक संहिता और सशक्त भू-कानून प्रमुख हैं।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 36 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। साथ ही एनआरएलएम के तहत वैल्यू चेन विकास के लिए श्री गणेश स्वयं सहायता समूह को 5 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी नारसन पवन सिंह सैनी ने किया।

इस अवसर पर रुड़की भाजपा जिला अध्यक्ष मधु सिंह, प्रदेश महामंत्री देवी सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख कोमल चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, विभिन्न ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *