श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर जौनपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शिवालयों पर ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

जौनपुर,28 जुलाई । यूपी के जौनपुर में श्रावण मास की शुरुआत और कांवड़ यात्रा को लेकर जौनपुर जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जनपद के प्रमुख शिवालयों तथा कांवड़ मार्गों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ आधुनिक निगरानी व्यवस्था भी लागू की है।

मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जनपद के दोनों प्रमुख शिवालयों की सुरक्षा को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।

एसएसपी ने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानों के संबंध में पूछे जाने पर एसएसपी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संबंधित लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *