लखनऊ के जर्जर मकान में फंदे से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

लखनऊ, 19 नवंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुसैनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक जर्जर मकान में करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव रस्सी के सहारे फांसी के फंदे से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने जर्जर मकान में व्यक्ति का शव लटका होने की सूचना दी थी। महिला अपने पति के उपचार के लिए अस्पताल जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनकी नजर मकान के अंदर फंदे से लटके व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही छितवापुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

उपनिरीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए शव शवगृह में रखवा दिया गया है। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *