बड़ौत मंडी में 1.32 करोड़ से सुधरेंगी सुविधाएं

बागपत, 03 नवंबर । बागपत जिले की बड़ौत मंडी में किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 1 करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने विभिन्न विकास एवं मरम्मत कार्यों के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत मंडी परिसर की 70 दुकानों का नवीनीकरण कराने के साथ नीलामी चबूतरों, कार्यालय भवन और प्रवेश द्वार की मरम्मत कराई जाएगी।

स्वीकृत परियोजना में ‘अ’ श्रेणी की 30, ‘ब’ श्रेणी की 29 और ‘स’ श्रेणी की 11 दुकानें शामिल हैं। इन सभी दुकानों में आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा कृषि उपज की खरीद-बिक्री के लिए बने नीलामी चबूतरों को भी दुरुस्त किया जाएगा।

मंडी परिसर की जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होने और किसानों व व्यापारियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। कार्यालय भवन और प्रवेश द्वार की मरम्मत से मंडी की व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा। सूचना विभाग द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई है कि मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और व्यापारियों को बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बड़ौत मंडी में स्वीकृत सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराए जाएंगे। इससे मंडी की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और किसानों को अपनी उपज के विपणन में सहूलियत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *