सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी धान खरीद : जिलाधिकारी

मुरादाबाद, 07 नवंबर । जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देशों के क्रम में जनपद में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

जनपद में स्थापित कुल 64 धान क्रय केंद्रों पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद की जा रही है। खरीद प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी एवं किसी भी प्रकार की अनियमितता पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य विभाग द्वारा संचालित 27 धान क्रय केंद्रों एवं भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र सहित कुल 28 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए गए हैं। साथ ही कैमरों की न्यूनतम 15 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

जिलाधिकारी ने किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने एवं धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी क्रय केंद्रों पर किसान आगमन रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। रजिस्टर में केंद्र पर आने वाले प्रत्येक किसान का नाम, वाहन संख्या, आगमन की तिथि एवं समय अंकित किया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि किसान अपनी धान से भरी ट्रॉली लेकर कितने समय से केंद्र पर उपस्थित है।

जिलाधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देशित किया है कि क्रय केंद्रों पर धान सुखाने की समुचितऍ व्यवस्था, पर्याप्त बोरों एवं जीपीएस युक्त परिवहन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। किसानों के लंबित सत्यापन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उत्तराखंड से सटे जनपद मुरादाबाद के क्षेत्रों में अनधिकृत धान की आवक पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए उप जिलाधिकारी, ठाकुरद्वारा को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्पष्ट किया कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। कम खरीद वाले क्रय केंद्रों की नियमित समीक्षा करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग द्वारा जनपद में धान खरीद व्यवस्था को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं किसान हितैषी बनाने के लिए निरंतर प्रभावी निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *