बाइस शहरों में हल्की से मध्यम बारिश, सलूम्बर के झालरा में 62 मिमी

जयपुर, 23 जुलाई । प्रदेश में गुरुवार को 22 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश सलूम्बर के झालरा में 62 मिमी दर्ज की गई। देर रात की तेज बारिश के कारण गुरुवार को हनुमानगढ़ में स्कूलों का अवकाश रहा। बादल छाए रहने और बारिश से प्रदेश के शहरों के पारे में पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बारिश का यह दौर आगामी 4 दिन जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अजमेर, अलवर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, उदयपुर, बाड़मेर, पाली, जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, नागौर, प्रतापगढ़, सिरोही, सीकर, राजसमंद, झुंझुनूं, जालौर, हनुमानगढ़ और डूंगरपुर सहित अन्य शहरों में बारिश रिकॉर्ड की गई।

गुरुवार को हनुमानगढ़, डूंगरपुर, बीकानेर, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। मकाराना (डीडवाना-कुचामन) में सुबह आधा घंटे तक तेज बारिश के कारण एक मार्बल की खान ढह गई। प्रतापगढ़ में दो महीने पहले बनी पुलिया भी तेज बारिश में बह गई। हनुमानगढ़ जिले में रातभर भारी बारिश के कारण गुरुवार को स्कूलों की छुट्टी रही। वहीं, डूंगरपुर में सोम और माही नदी उफान पर हैं। जलस्तर बढऩे से बेणेश्वर धाम टापू बन गया है। इस तक पहुंचने वाले रास्ते बंद हो गए हैं। हनुमानगढ़ के मक्कासर गांव में बारिश का पानी भर गया। इस कारण करीब 30 परिवारों सुरक्षित जगह शिफ्ट किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 3-4 दिन मानसून सक्रिय रहेगा। दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश की संभावना है। गुरुवार को ऊपरी परिसंचरण तंत्र दक्षिण पूर्वी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर अवस्थित है। मानसून ट्रफ लाइन आज जैसलमेर कोटा से होकर गुजर रही है तथा सक्रिय है। साथ ही वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी राज्य के दक्षिणी भागों के ऊपर सक्रिय है। इसके के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी तीन चार दिन मानसून सक्रिय रहने वह बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की प्रबल संभावना है। मध्यम से भारी बारिश व कहीं कहीं अत्यंत भारी बारिश की गतिविधियां 24 जुलाई को अजमेर, कोटा, जोधपुर व उदयपुर संभाग में हो सकती है। इस दौरान जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। दक्षिण पश्चिमी व दक्षिणी राजस्थान के कुछ भागों में मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियां 25 जुलाई को भी दर्ज होने तथा शेष भागों में हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *