नई दिल्ली, 09 जुलाई । दिल्ली में बारिश के बाद विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने गुरुवार को दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने अलग-अलग बयान जारी कर जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर जलभराव से संबंधित वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि हाल ही में बनी सड़कों पर भी पानी भर गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में “विकास बह रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि इस बार एशिया के सबसे बड़े थोक बाजार सदर बाजार में भी जलभराव देखने को मिला।
कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि दिल्ली में नालों की सफाई का कार्य देखने वाली सभी प्रमुख एजेंसियां दिल्ली सरकार के अधीन हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर निगम (एमसीडी), बाढ़ एवं सिंचाई विभाग तथा डीडीए से जुड़े नालों के रखरखाव में गंभीर लापरवाही हुई है। उन्होंने नालों की सफाई और गाद निकालने के कार्य में बड़े स्तर पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि लगातार हुई बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि लक्ष्मी नगर समेत कई क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के दावे जमीनी स्तर पर सफल होते नहीं दिख रहे हैं।
अंकुश नारंग ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में विनोद नगर क्षेत्र में जलभराव का उल्लेख करते हुए स्थानीय व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के दावों के बावजूद नागरिकों को जलभराव, खराब सड़कों और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार से जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा नालों की सफाई के कार्यों की जांच कराने की मांग की है।