बलोचिस्तान में विद्रोहियों की मौत के बाद विस्फोट, पुल क्षतिग्रस्त, कर्फ्यू लगाया गया

इस्लामाबाद, 23 जुलाई । पाकिस्तान के बलोचिस्तान में सुरक्षाबलों के हाथों विद्रोहियों के मारे जाने के बाद विस्फोट कर एक पुल को उड़ा दिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने कई शहरों में कर्फ्यू लगा दिया। पाकिस्तान की सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर के बयान के अनुसार, सुरक्षा बलों ने मस्तुंग और सोराब जिलों में 10 हथियारबंद लोगों को मार गिराया।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, मस्तुंग जिले में खाद स्ट्रीट पर अंगिरी क्रॉस के पास बुधवार शाम क्वेटा-कराची मेन हाइवे पर बने पुल को अनजान हथियारबंद लोगों ने निशाना बनाया। इस दौरान हुए विस्फोट से पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद क्वेटा-कराची हाइवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। हाल के दिनों में, बलोचिस्तान में कई पुलों को निशाना बनाया गया है।हथियारबंद लोग सोराब, कलात और खुजदार में पुलों को तबाह कर चुके हैं।

इसके बाद बलोचिस्तान सरकार ने बुधवार रात आठ बजे मस्तुंग की खड़कोचा सब-तहसील में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। मुनादी कराई गई कि कर्फ्यू के दौरान कोई भी अपने घरों से बाहर न निकले। अधिकारियों ने धमकी दी कि अगर कोई नागरिक कर्फ्यू तोड़ता हुआ देखा गया तो उसे गोली मार दी जाएगी। महत्वपूर्ण यह है कि नुश्की और खुजदार जिलों की तहसील ज़हरी में पिछले कई महीनों से कर्फ्यू लगा हुआ है। जिउनी में भी कर्फ्यू लागू है।

इससे पहले आईएसपीआर ने सोराब और मस्तुंग में 10 हथियारबंद लोगों को मारने और दो कथित महिला आत्मघाती हमलावरों को गिरफ्तार करने का दावा किया। आईएसपीआर ने कहा कि बलों ने 48 घंटों के दौरान सोराब और मस्तुंग जिलों में 10 हथियारबंद लोगों को मार गिराया। सोराब जिले में 7 आतंकवादी और मस्तुंग में 3 लोग मारे गए। दो महिला आत्मघाती हमलावरों के साथ उनके एक मददगार को भी हिरासत में लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *