पंचायत चुनाव के बाद कांग्रेस में प्रधान और जिला प्रमुख के नामों पर मंथन

जयपुर, 17 नवंबर । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने प्रदेश में संपन्न हुए पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के मतदान के बाद की स्थिति का फीडबैक लेने और वोट रक्षक अभियान की जानकारी देने के लिए मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के जिला प्रभारी पदाधिकारियों तथा चुनाव पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहे।

बैठक में डोटासरा ने सभी पदाधिकारियों और चुनाव पर्यवेक्षकों को आगामी दो दिनों में अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में पहुंचकर जिला परिषद और पंचायत समितियों के कांग्रेस प्रत्याशियों को एकजुट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशियों को एक स्थान पर एकत्रित कर जिले के प्रमुख नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया जाए तथा पंचायत समितियों के प्रधान और जिला परिषद के जिला प्रमुख के उम्मीदवारों के चयन पर सर्वसम्मति बनाई जाए।

डोटासरा ने निर्देश दिए कि मतगणना से पहले सभी कांग्रेस प्रत्याशियों को एक स्थान पर जुटाकर उनसे फीडबैक लिया जाए। इसके बाद जिले की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में पंचायत समितियों के प्रधान एवं उप प्रधान तथा जिला परिषद के जिला प्रमुख एवं उप प्रमुख के नामों पर सहमति बनाई जाए। जिन स्थानों पर सर्वसम्मति बनाने में कठिनाई आएगी, वहां वरिष्ठ नेता जिले के प्रमुख नेताओं से चर्चा कर सहमति बनाने में सहयोग करेंगे।

बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने सभी जिला प्रभारियों और पर्यवेक्षकों से उनके क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति का विस्तृत फीडबैक भी लिया। साथ ही तय किया गया कि कुछ स्थानों पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को विशेष पर्यवेक्षक के रूप में जिम्मेदारी सौंपकर भेजा जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में देशभर में चलाए जा रहे वोट रक्षक अभियान पर भी चर्चा हुई। डोटासरा ने विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिए कि कांग्रेस के सभी बूथ अध्यक्ष अपने-अपने बूथ पर वोट रक्षक के रूप में कार्य करते हुए मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा करेंगे। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वार रूम की ओर से वीडियो प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *