पुलिस और अंतरजनपदीय चोर गिरोह के बीच मुठभेड़, दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, तीसरा गिरफ्तार

उरई, 25 जुलाई । जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और अंतरजनपदीय चोर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरे बदमाश को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि यह मुठभेड़ रामपुरा-निनावली संपर्क मार्ग पर हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी की कई घटनाओं में शामिल एक सक्रिय गिरोह क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमीरपुर निवासी बृजेन्द्र राजपूत और विवेक राजपूत के पैर में गोली लग गई। दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े, जबकि उनके साथ मौजूद महोबा निवासी सोनू यादव को पुलिस ने घेराबंदी कर बिना गोली चलाए गिरफ्तार कर लिया। घायलों को तत्काल पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवरात, 14,470 रुपये नकद, चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपित गिरोह बनाकर विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और चोरी की अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है। घायल बदमाश बृजेन्द्र राजपूत और विवेक राजपूत के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। दो बदमाश घायल हुए और एक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी, जेवरात, चोरी के उपकरण और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। तीनों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा उनसे पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *