पर्यटन सीजन में खाद्य सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश

नैनीताल, 25 जुलाई । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय की अध्यक्षता में शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा विभागीय प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित प्रवर्तन कार्रवाई, खाद्य नमूनों के संग्रहण, प्रयोगशाला परीक्षण, खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस एवं पंजीकरण तथा अस्वच्छता के मामलों में की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने पर्यटन सीजन को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों, होटल एवं रेस्तरां से खाद्य नमूनों का संग्रह बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण तथा लाइसेंस एवं पंजीकरण की संख्या में भी वृद्धि करने को कहा।

बैठक में प्रयोगशाला से प्राप्त लंबित जांच रिपोर्टों की भी समीक्षा की गई। जिन मामलों में रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, उनके शीघ्र निस्तारण के लिए विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई और आवश्यक पत्राचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने, मिथ्या अथवा भ्रामक लेबल वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री, बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों तथा नकली अथवा निम्न गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ बेचने वाले कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य अजय रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *