निजी स्कूल बस की दूसरे वाहन से टक्कर, एक दर्जन बच्चे घायल

झुंझुनू, 09 जुलाई । जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र के कासनी गांव की सूरदास की ढाणी में गुरुवार को निजी विद्यालय की प्राइवेट नंबरों की बाल वाहिनी और एक अन्य वाहन के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में करीब एक दर्जन बच्चे घायल हो गए। सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। गनीमत रही कि कोई भी बच्चा गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

मौके पर पहुंची पुलिस और अभिभावकों ने देखा कि एक बार तो टक्कर के बाद दोनों वाहन घटनास्थल से गायब थे। पुलिस को मौके पर कोई गाड़ी नहीं मिली। बाद में पुलिस ने दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना ने वाहनों के मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बाल वाहिनी अक्सर मानकों के बिना चल रही हैं। अस्पताल में घायल बच्चों को देखकर अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि चिकित्सकों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू कर स्थिति को नियंत्रित किया। शिक्षा अधिकारी सूरजगढ़ अनिल शर्मा ने कहा कि हम समय-समय पर स्कूलों से डाटा मांगते हैं, लेकिन स्कूलों की तरफ से लापरवाही बरती जाती है। पोर्टल पर नया वर्जन अपडेट आया है। अब एक सप्ताह में चार निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें वाहनों सहित आरटी और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच होगी। जिला परिवहन अधिकारी खेतड़ी राजेंद्र जाकर ने बताया कि बाल वाहिनीयों का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, इंश्योरेंस और आरसी होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि सूरजगढ क्षेत्र में पिछले 3 महीने में 12-13 गाड़ियों का चालान किया जा चुका है और शुक्रवार से फिर अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *