नैनीताल में 10 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे

नैनीताल, 09 जुलाई । भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के आधार पर 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) के लिए नैनीताल जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तीव्र वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। संभावित भू-स्खलन, नदियों-नालों में तेज जलप्रवाह और अन्य आपदा संबंधी जोखिमों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर 10 जुलाई को जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थान) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *