चमोली में नशा उन्मूलन अभियान तेज, भांग की खेती होगी नष्ट

चमोली, 30 जुलाई । जनपद में भांग की खेती और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने एनकॉर्ड समिति की बैठक में संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई और आपसी समन्वय के निर्देश दिए।

जिला सभागार गोपेश्वर में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं वन क्षेत्रों में भांग की खेती के चिन्हीकरण और विनष्टीकरण के लिए अभियान चलाने को कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि पटवारियों के माध्यम से नियमित पड़ताल कराई जाए और अवैध खेती मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में नशा तस्करों और पेडलरों की पहचान के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटियों को सक्रिय करने, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और जरूरत पड़ने पर काउंसिलिंग कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नशा तस्करी से जुड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को ग्वालदम नशा मुक्ति केंद्र का शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने तथा जनपद में राजकीय नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा औषधि निरीक्षक को मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने और प्रतिबंधित व अवैध दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *