देहरादून, 02 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कहा कि विभिन्न आयोगों, निगमों, समितियों और प्राधिकरणों में नियुक्त दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं। उन्होंने कहा कि दायित्वधारी जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाकर उनके त्वरित समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए दायित्वधारियों के साथ आज संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दायित्वधारी अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और विकास कार्यों की प्रगति पर भी नजर रखें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को संबंधित विभागों और शासन के संज्ञान में लाकर उनके शीघ्र समाधान के प्रयास किए जाएं।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है, जिसमें दायित्वधारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दायित्वधारियों से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों में दायित्व तय किए जाएंगे, जिनका प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है। दायित्वधारी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित विभिन्न आयोगों, निगमों, समितियों एवं प्राधिकरणों में दायित्व संभाल रहे पदाधिकारी उपस्थित थे।
—