कांवड़ मेले में प्लास्टिक एक्सचेंज अभियान शुरू,पॉलीथीन के बदले दिए जा रहे कम्पोस्टेबल बैग

हरिद्वार, 31 जुलाई । कांवड़ मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरिद्वार निगम ने ‘प्लास्टिक एक्सचेंज अभियान’ शुरू किया है।

अभियान के तहत कांवड़ मार्ग और गंगा घाटों पर नगर निगम की टीमें श्रद्धालुओं से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथीन एकत्र कर उसके बदले निःशुल्क कम्पोस्टेबल बैग उपलब्ध करा रही हैं। साथ ही लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक भी किया जा रहा है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने शुक्रवार को बताया कि नियमों के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के व्यक्तिगत उपयोग पर चालान का प्रावधान है, लेकिन कांवड़ मेले के दौरान दंडात्मक कार्रवाई के बजाय जागरूकता पर अधिक जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराने और वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी देने से लोग स्वेच्छा से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित होंगे।

अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी,मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा,सफाई निरीक्षक अनिल कुमार,डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स की प्रतिनिधि अलका सिंह तथा नगर निगम के सफाई कर्मचारी भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *