कनैड-नौलखा–डडौर में बनाया जाए अंडरपास, सात-आठ पंचायताें के लाेगाें ने उठाई मांग

मंडी, 22 जुलाई । मंडी जिला की कनैड पंचायत का प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान उषा वर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कनैड -नौलखा–डडौर क्षेत्र में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद महादेव वार्ड की सदस्य किरणा चौहान, बीडीसी सदस्य शिल्पा सैनी, उपप्रधान मनोज कुमार, फोरलेन संघर्ष समिति के विजय ठाकुर, किसान सभा के जोगिंदर वालिया सहित सभी वार्ड सदस्य शामिल रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि कनैड के आसपास की लगभग 7–8 पंचायतों के लोगों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। इसके अतिरिक्त कनैड विद्यालय में 500 से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। लेकिन फोरलेन सड़क पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इससे विद्यार्थियों, किसानों, आम नागरिकों तथा पशुपालकों को कृषि उपज और पशुओं के आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि सिविल डिस्पेंसरी, पटवार कार्यालय, पशु चिकित्सालय तथा पंचायत कार्यालय फोरलेन के दूसरी ओर स्थित हैं। सुरक्षित मार्ग के अभाव में मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इन परिस्थितियों को देखते हुए कनैड पंचायत ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर इस स्थान पर शीघ्र अंडरपास निर्माण की मांग की है।

इस प्रतिनिधिमंडल में पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा व्यापार मंडल के प्रधान राजू राम, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान संदीप कुमार, किशोरी वालिया, पूर्व प्रधान भूपेंद्र वालिया, विजय अबरोल, विजय ठाकुर, दामोदर चौहान तथा जोगिंदर वालिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग का घेराव करने के लिए विवश होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *