अमेठी, 29 जुलाई । उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गौरा मजरे चिलूली में बुधवार को एक किशोर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गौरा मजरे चिलूली निवासी विशाल पासी (16) मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था। इसके बाद उसने अपने ही घर में फांसी लगा लिया । जैसे ही घर के अंदर किसी वस्तु के गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो विशाल को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी । सूचना मिलते ही मोहनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा और उसकी एक बहन है। कुछ समय पहले ही उसके पिता का निधन हो चुका था। वह अपनी मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहता था।
कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कराई जाएगी, जिससे घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।