सड़क हादसे में युवक की मौत

बाराबंकी 29 जुलाई । जिले के सतरिख थाना क्षेत्र स्थित भनौली गांव के पास बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि जैदपुर थाना क्षेत्र के नवाबपुर कोडरी निवासी गोविंद यादव बुधवार दोपहर बाइक से जा रहे थे। भनौली के निकट उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रॉली-ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पीआरवी-112 और सतरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *